द्वारकाप्रसाद मिश्र
द्वारका प्रसाद मिश्र (1901 - 1988) भारत के एक स्वतंत्रतासंग्राम सेनानी, राजनेता, पत्रकार एवं साहित्यकार थे। वे मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री रह चुके है।

द्वारका प्रसाद मिश्रा जी का जन्म 5 अगस्त, 1901 में उत्तर प्रदेश के उन्नाव ज़िले में पढरी नामक ग्राम में एक ब्राह्मण परिवार में हुआ था। इनके पिता का नाम पण्डित अयोध्या प्रसाद और माता का नाम रमा देवी था। जब इनके पिता अ]योध्या प्रसाद रायपुर में एक ठेकेदार के रूप में कार्य कर रहे थे, तब द्वारका प्रसाद ने यहीं से अपनी प्रारम्भिक शिक्षा प्राप्त की।
इस समय देश विदेशी सत्ता से संघर्ष कर रहा था। कुछ समय के लिए द्वारका प्रसाद मिश्रा ने कानपुर और जबलपुर में अध्ययन किया और ‘इलाहाबाद विश्वविद्यालय’ से स्नातकोत्तर की परीक्षा और क़ानून की डिग्री प्राप्त की।
वर्ष 1920 में द्वारका प्रसाद मिश्रा महात्मा गाँधी के आह्वान पर स्वतंत्रता संग्राम में कूद पड़े। वे गाँधीजी के ‘असहयोग आन्दोलन’ से जुड़ गये और तब से राष्ट्रवादी आन्दोलनों में अग्रिम पंक्ति में रहे। देश की सेवा करते हुए जेल यात्राएँ उनकी साथी बन गई। द्वारका प्रसाद जी ने वर्ष 1932, 1940 और 1942 में जेल की सज़ाएँ भोंगी।








